पिलखुवा। शहर की गांधी रोड स्थित एलिवेटेड पुल पर बेतरतीब पार्किंग रोकने के लिए पुलिस ने पहल की है। सड़क के बीचों बीच अवरोध लगाकर वाहनों को खड़ा करने पर रोक लगाने की व्यवस्था की गई है।
पुलिस के अनुसार पुल पर वाहन खड़े कर लोग बाजारों में खरीदारी करने चले जाते थे। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती थी और जाम की समस्या बन जाती थी। इस परेशानी को देखते हुए कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान की पहल पर अवरोध लगाए गए हैं। अवरोध लगने से पुल पर वाहन खड़े करने वालों को रोकने में मदद मिलेगी। इससे यातायात सुचारु रखने और राहगीरों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। कोतवाली सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि एलिवेटेड पुल पर वाहन खड़े करने से जाम लगता था। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सड़क के बीच अवरोध लगाए गए हैं।