चैत्र पूर्णिमा पर गंगा स्नान के चलते उमड़े श्रद्धालुओं के कारण एनएच-24 पर जाम लग गया। सुबह 10 बजे लगा जाम दोपहर करीब दो बजे के बाद खुल सका। तेज धूप और गर्मी में सैकड़ों वाहन चालक और गंगा भक्तों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं स्याना रेलवे फाटक पर भी रुक-रुक कर जाम लगता रहा।
चैत्र पूर्णिमा पर गंगा में स्नान के लिए दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य राज्यों से हजारों की संख्या मेें लोग पहुंचे। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हाईवे पर जाम लग गया। थोड़ी ही देर में हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए। पैदल गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को भी खासी परेशानी हुई।
तेज धूप और गर्मी ने जाम में फंसे गंगा और वाहन चालकों को बेहाल कर दिया। जाम लगने की सूचना पर पुलिस हरकत मे आई और कड़ी मशक्क्त के बाद करीब ढाई बजे जाम हट सका। गंगा पुल के आसपास बेतरतीब खड़े वाहनों ने भी जाम को पेचीदा बना दिया।
छुट्टी पर घर जा रहे गाजियाबाद एसएसपी धर्मेंद्र सिंह यादव भी गढ़ क्षेत्र में हाईवे पर लगे जाम में फंस गए। एसएसपी के जाम में फंसे होने का वायरलैस में मैसेज फ्लैस होते ही गढ़, बहादुरगढ़, सिंभावली और बहादुरगढ़ पुलिस में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने किसी तरह कप्तान की कार को जाम से निकलवाकर ब्रजघाट गंगा पुल पार कराया। इसके अलावा कई वीआईपी लोगों की गाड़ियां जाम में फंसी रहीं।
बदरखा मोड़ फाटक पर आरओबी निर्माण के चलते स्याना रेलवे फाटक पर वाहनों का दबाव रहा। इसलिए इस फाटक दिनभर रुक-रुककर जाम लगता रहा।
मेरठ और बागपत के गंगा भक्तों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। दो ट्रेनों के निकलने बीच भी पूरी तरह से वाहन फाटक से निकल पाते थे। यहां ट्रैफिक पुलिस भी नजर नहीं आई।