हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला के साथ पड़ोसी ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पीडि़ता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
महिला ने बताया कि एक सप्ताह से उसका पति किसी काम से घर से बाहर है। फिलहाल वह अपनी नौ वर्षीय पुत्री के साथ घर पर थी। शनिवार को घर पर पीने का पानी नहीं था। इस दौरान वह पानी लेने के लिए वह पड़ोसी युवक के घर गई थी। पानी मांगने पर युवक ने उसे बैठने के लिए कहा और इसी बीच युवक ने रुपये लेकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। शोर मचाने पर आरोपी उसे खींचकर घर के अंदर एक कमरे में ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उसे बचाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र प्रकाश का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी। संवाद