फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: कलश स्थापना कर मां शैलपुत्री की हुई आराधना

विज्ञापन
चंडी देवी मंदिर में पहले नवरात्रे पर माता के दर्शन करते श्रद्धालु। संवाद - फोटो : सांकेतिक
विज्ञापन
हापुड़। शारदीय नवरात्र का शुभारंभ रविवार को घरों में कलश स्थापना के साथ हुआ। पहले दिन देवी मंदिरों में मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिरों में दिनभर घंटे-घड़ियालों की गूंज और माता रानी के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
विज्ञापन


नवरात्र के पहले दिन घरों में भी श्रद्धालुओं ने शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना कर मां दुर्गा की पूजा की। विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद भक्तों ने नौ दिनों तक व्रत रखने और मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना करने का संकल्प लिया। घरों में पूजा स्थल सजाए गए और मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना की गई।
शहर के चंडी रोड स्थित श्री चंडी मंदिर, बुलंदशहर रोड स्थित श्री मनसा देवी मंदिर सहित सभी देवी मंदिरों में तड़के सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने मां को पुष्प, नारियल, चुनरी और प्रसाद अर्पित किया। महिलाओं और बच्चों में भी पूजा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। नवरात्र के मद्देनजर श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
विज्ञापन

आज मां ब्रह्मचारिणी की होगी पूजा
पंडित सुबोध पांडेय ने बताया कि शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की जाएगी। भक्त मां को दूध से बनी मिठाई, मक्खाने, खीर, फल, मिश्री का भोग लगाकर, व्रत रखकर मां की आराधना करेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां ब्रह्मचारिणी तप, त्याग, संयम और साधना की प्रतीक हैं। इनकी पूजा से भक्तों को धैर्य, आत्मबल और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा मिलती है।
मां चंडी की निकली पालकी यात्रा
मां आद्यशक्ति पालकी सेवा समिति की ओर से प्रथम नवरात्र को शहर में मां चंडी की पालकी यात्रा निकाली गई। प्रथम दिन पालकी यात्रा श्री चंडी धाम से प्रारंभ होकर मीनाक्षी रोड, देवीपुरा, नवज्योति कॉलोनी से होते हुए श्री चंडी धाम पर विश्राम हुई। मां चंडी महारानी की पालकी यात्रा का भक्तों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया और भक्तों ने मां चंडी महारानी के भजनों पर जमकर नृत्य किया। इस मौके पर मनु गर्ग, अखिल अग्रवाल, अनुज सिंघल, दीपेश गर्ग, चिराग गोयल, अनुराग शर्मा, नमन गोयल, दीपांशु जैन आदि भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें