हापुड़। रामलीला मैदान में लगने वाली साप्ताहिक पैंठ को फिर से कोठी गेट या फ्रीगंज रोड पर लाने की कवायद शुरू हो गई है। इस संबंध में 16 सितंबर को नगर पालिका में होने वाली दूसरी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। बैठक में कुल 55 प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
नगर पालिका की पहली बोर्ड बैठक में 100 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव रखे गए थे, जिन्हें बिना किसी विरोध के सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई थी। लेकिन दूसरी बोर्ड बैठक में हंगामा होने के आसार हैं। इसमें कुछ सभासदों द्वारा नगर में लगने वाली साप्ताहिक पैंठ को फिर से कोठी गेट या फ्रीगंज रोड पर लाने के प्रस्ताव रखा जाएगा। वहीं, शहर की सफाई व्यवस्था व ठेकेदारों के खिलाफ गुटबाजी होने के कारण भी बोर्ड बैठक में हंगामे के आसार दिखाई दे रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा सिंह का कहना है कि बोर्ड बैठक को लेकर तैयारी लगभग पूर्ण हो चुकी है। बोर्ड बैठक के लिए सभासदों से प्रस्ताव लेकर एजेंडा तैयार किया जा चुका है। शहर के विकास के लिए सभी प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।