हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गांधी विहार निवासी महेंद्र उर्फ पप्पू के जसरुपनगर के जंगल में दम तोड़ने से पहले उन्हें बुरी तरह पीटा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महेंद्र की दो पसलियां टूटी हुई मिली हैं। पुलिस हत्याकांड में एक से अधिक हत्यारे होने की उम्मीद जता रही है। वहीं, पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर भी पूछताछ कर रही है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि महेंद्र की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दो पसलियां टूटी हुई आई हैं। उनके माथे पर भी गंभीर चोट हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्यारे ने मृतक के सीने पर बैठकर उसके सिर पर वार किए थे। जिसके कारण मृतक की दो पसलियां टूट गई होंगी। हत्यारा एक या एक से अधिक हो सकते हैं, इस बात से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों से भी रंजिश आदि के बारे में पूछताछ की जा रही है। हालांकि, मामला रंजिश का प्रतीत नहीं हो रहा है। परिजनों के पिछले तीन वर्षों से मृतक से कोई संबंध नहीं थे। मृतक पिछले तीन वर्षों से अपने घर भी नहीं गया था। शराब पीने की लत से परेशान होकर पत्नी भी मृतक को छोड़कर मायके चली गई थी। कुछ दिन पहले से मृतक की हालत लोगों से पैसे मांग- मांगकर शराब पीने की हो गई थी। ऐसी स्थिति में मृतक की किसी कोई रंजिश हो सकती है, ऐसा प्रतीत नहीं हो रहा है।
सीओ ने बताया कि पुलिस संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।