गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़) । नगर के मीरा रेती स्थित झंडे के पीछे आम के बाग में रविवार की सुबह महिला का शव पड़ा हुआ मिला। मृतका की शिनाख्त नगर के ही मोहल्ला मदरसा निवासी 23 वर्षीय साजिया के रूप में हुई। महिला की हत्या का आरोप उसके ही ससुराल पक्ष के लोगों पर लगा है। मृतका के भाई ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रविवार की सुबह करीब नौ बजे नगर के कुछ लोग झंडे के पीछे स्थित कौशर खां के आम के बाग में घूमने के लिए गए थे, जहां उन्होंने महिला का शव पड़ा हुआ देखा। कुछ ही देर में शव मिलने की सूचना नगर में फैल गई, जिससे सैंकड़ो लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त करने का प्रयास किया। लेकिन काफी दर तक शिनाख्त नहीं हो सकी। करीब एक घंटे बाद हापुड़ के मोहल्ला मजीदपुरा निवासी बासत अली ने मृतका की पहचान अपनी बहन साजिया 23 वर्ष के रूप में की। उसने बताया कि साजिया का निकाह करीब चार साल पहले मोहल्ला मदरसा निवासी जीशान के साथ हुआ था। पिछले काफी समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। जिसके कारण साजिया अपनी मां सहाना के पास हापुड़ रहती थी। चार दिन पहले जीशान साजिया का हापुड़ से अपहरण कर ले आया था, जिसके बाद उसने अपने परिजनों के साथ मिलकर साजिया की हत्या कर दी है।
एक साल पहले भी साजिया को मारी थी गोली
मृतका के भाई बासत ने बताया कि उसकी बहन से निकाह के बाद से ही जिशान उसे परेशान रखने लगा। जिसके कारण करीब एक साल पूर्व आरोपी ने साजिया को गोली मार दी थी। उस मामले में भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
बेटियों का रो-रो कर हुआ बुरा हाल
साजिया की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया। जबकि उसकी मौत से दोनों मासूम बेटियों का भी रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ था।
कोट -
महिला की हत्या के मामले में उसके भाई ने कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पूछताछ के लिए महिला की ननद को हिरासत में लिया हुआ है। शीघ्र ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। - वरुण मिश्रा सीओ