संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला मधुबन कॉलोनी में एक मकान में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव फर्स पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा करते हुए ससुराल पक्ष के लोगों पर महिला की हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि शाम तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।
बाबूगढ़ ओम प्रकाश की पुत्री ममता (35) की शादी कस्बे में ही स्थित मधुबन कॉलोनी में किराये पर रहने वाले शिवकुमार के साथ हुई थी। मूल रूप से मेरठ के रहने वाला शिवकुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबिल है और फिलहाल जिला शामली में तैनात हैं। ममता की एक पुत्री व एक पुत्र है। एक अपने दादा और एक नाना के पास रहते हैं। शनिवार को ममता घर पर अकेली थी। रविवार सुबह ममता की मां रेशमा ने ममता को कई बार फोन किया तो उसने रिसीव नहीं किया। जिसके बाद मां उसके घर पहुंची तो ममता मकान के अंदर फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी थी। मां ने पड़ोसियों की मदद से पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। परिजनों ने शिवकुमार पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के गले पर भी निशान बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी शिवकुमार को बुलाकर उसे हिरासत में लिया है।
सीओ अशोक कुमार सिसौदिया ने बताया कि मृतका के परिजनों ने फिलहाल तहरीर नहीं दी है। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या के कारण का पता चलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।