गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भद्स्याना में दो दिसंबर को हुई महिला की मौत के मामले में मायके पक्ष ने मृतका के पति के साथ ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनपद बरेली के थाना मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव कपूरपुर निवासी राहुल सिंह ने थाने में तहरीर दी है। बताया कि उन्होंने अपनी बहन चांदनी की शादी करीब चार साल पहले क्षेत्र के गांव भद्स्याना निवासी कपिल के साथ की थी। शादी के बाद से ही पति कपिल, जेठ रोहित, मोहित, जेठानी स्वाती, सास आशा ने कम दहेज का ताना देते हुए चांदनी का शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। आरोपियों की प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने चांदनी के ससुराल पक्ष के लोगों पर बरेली न्यायालय में मुकदमा दायर कर दिया। इसमें सुनवाई की तारीख 13 दिसंबर की निर्धारित है। राहुल का कहना है कि आरोपी पक्ष चांदनी से पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। इस बारे में उनकी बहन ने कई बार फोन कर उन्हें बताया और अपनी हत्या की आशंका भी जताई। पीड़ित ने बताया कि दो दिसंबर की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन की मृत्यु हो गई है। इसकी जानकारी पर वह परिजनों के साथ गांव पहुंच गए। जहां से हापुड़ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहां चांदनी के ससुराल पक्ष के लोग नहीं मिले। पोस्टमार्टम के बाद वह लोग मृतका का शव अपने साथ कपूरपुर ले गए। अंतिम संस्कार के बाद थाने पहुंचकर पीड़ित ने आरोपियों को नामजद कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराते हुए आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।