पिलखुवा नगर पालिका में अनियमितताओं की शिकायत लेकर जिला प्रोविजन अधिकारी के कार्यालय पहुंचे भाजपाइयों की पालिका के अधिकारियों के साथ मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। एसडीएम ने मामले में जांच की बात कही है।
पिलखुवा के भाजपा नेता शिवकुमार टांक, लज्जारानी गर्ग, प्रवीन मित्तल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधि मंडल एडीएम रजनीश राय के समक्ष पिलखुवा नगर पालिका के प्रशासक और जिला प्रोविजन अधिकारी ज्योति राय व ईओ पिलखुवा हेमराज सिंह की शिकायत लेकर पहुंचे थे।
इनका आरोप था कि कमीशन के चक्कर में दोनों अधिकारी बिजली का सामान नहीं खरीद रहे हैं। इससे पूरा शहर अंधेरे में पड़ा है। इसके अलावा भी उन्होंने पालिका परिषद में कई अनियमितताओं की शिकायत की।
एडीएम रजनीश राय ने मामले को लेकर नेताओं को प्रोविजन अधिकारी से मिलने उनके कार्यालय भेज दिया। यहां पहले से ही ईओ हेमराज सिंह व जेई प्रभाशंकर मौजूद थे। इसके बाद दोनों पक्षों में हंगामा शुरू हो गया और मारपीट होने लगी।
दोनों अधिकारियों ने भाजपा नेताओं पर मारपीट करने और दस्तावेज फाड़ने का आरोप लगाया है। जबकि भाजपा नेता भी अधिकारियों पर मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। इस मामले को लेकर काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति रही।
दोपहर बाद जेई प्रभाशंकर ने मारपीट का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं के खिलाफ कोतवाली हापुड़ में तहरीर दी। लेकिन करीब दो घंटे बाद ही दोनों पक्षों में लिखित समझौता हो गया। इस मामले में एडीएम रजनीश राय ने कहा कि जांच की जाएगी। जिस भी स्तर पर गलती मिलेगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।