वेतन मांगने आए संविदा कर्मचारी व उसकी मां को दौड़ाकर पीटा
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका परिसर में मंगलवार को बकाया वेतन मांगने आए एक संविदा कर्मी व उसकी मां को ठेकेदार ने दौड़ा-दौड़ाकर लात घूसों से पीटा। कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर और जान से मारने की धमकी देकर पीड़ितों को पुलिस तक नहीं जाने दिया। रोते बिलखते पीड़ित, ठेकेदार को कोसते हुए घर चले गए।
नगर पालिका परिषद में इन दिनों ठेकेदारों का बोलबाला है। संविदा पर लगे कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर सीवर, नालों की साफ सफाई करते हैं, लेकिन इनको समय पर वेतन तक नहीं दिया जाता है। ठेकेदार जब चाहें कर्मचारियों के साथ मारपीट कर देते हैं।
ऐसा ही एक मामला मंगलवार को सामने आया। रेलवे पार्क निवासी गोविंदा नगर पालिका के एक ठेकेदार के अंडर में मोहल्ला मजीदपुरा में साफ सफाई करता है। उसका आरोप है कि बीते कई महीने से उसे वेतन नहीं मिल सका है।
ठेकेदार ने उसका नाम भी संविदा कर्मियों के रिकॉर्ड में न डालकर अलग से एक कॉपी में लिखा हुआ है। मंगलवार को जब वह अपनी मां के साथ बकाया पैसे लेने ठेकेदार के पास पहुंचा तो उसे हड़का दिया गया। काम के बदले पैसे न मिलने पर उसने विरोध किया तो ठेकेदार ने गोविंदा व उसकी मां को दौड़ा कर पीटा।
दोनों ने वेतन न मांगने और जान बचाने की गुहार लगाकर ठेकेदार से पीछा छुड़ाया। उत्पीड़न की शिकायत करने जब पीड़ित एसपी कार्यालय की तरफ बढ़े तो ठेकेदार व उसके साथियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी देकर और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर भगा दिया।
बेहद गरीब हालात के कारण दोनों मां बेटा रोते बिलखते अपने घर लौट गए। हालांकि पीड़ितों ने इस संबंध में डीएम से शिकायत की बात कही है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा का कहना है कि संविदा कर्मी से मारपीट का मामला गंभीर है। इस संबंध में पीड़ित उनसे शिकायत कर सकता है, आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।