कुचेसर चौपला। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर के पास बृहस्पतिवार शाम तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई, जबकि एक महिला और किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान कार में जमकर तोड़फोड़ की गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव माधापुर निवासी टेकचंद (55), अपनी समधन देवेंद्री निवासी गांव बम्हेटा, गाजियाबाद और देवेंद्री के 12 वर्षीय बेटे यश के साथ बाइक से कुचेसर रोड चौपला से मोहम्मदपुर आजमपुर की ओर जा रहे थे। टेकचंद के छोटे बेटे के घर एक सप्ताह पहले ही पोते का जन्म हुआ था। समधन भी अपने पोते को देखने के लिए बृहस्पतिवार सुबह ही गांव आई थीं। शाम को टेकचंद उन्हें हाईवे तक छोड़ने जा रहे थे। इस दौरान हादसा हो गया।
हादसे में टेकचंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि देवेंद्री और यश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी सिखेड़ा अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। सीओ ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर उसके चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों से तहरीर ली जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कृषि का काम करते थे टेकचंद
टेकचंद खेती का काम करते थे, परिवार में उनके पत्नी धर्मपाली, तीन बेटे विकेश, अंकित और मोंटी और बेटी वंदना हैं। सभी शादीशुदा हैं। हादसे की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी और बच्चों समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जानकारी के मुताबिक टेकचंद के छोटे बेटे मोंटी के घर महज एक सप्ताह पहले ही पुत्र का जन्म हुआ है। घर में नन्हे मेहमान के आने से जश्न और खुशियों का माहौल रहा। लेकिन अब परिवार में मातम छाया है।
मृतक टेकचंद का फाइल फोटो।