बाबूगढ़ थाना पुलिस ने पकड़े आरोपी। स्रोत पुलिस
बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव गोहरा आलमगीरपुर में 20 मार्च को दहेज की मांग को लेकर हुई विवाहिता की हत्या के मामले में सोमवार को पुलिस ने आरोपी सास-ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इससे पहले पुलिस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि जिला मेरठ के गांव पचपेड़ा निवासी वेदपाल सिंह ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि छह वर्ष पहले उनकी बहन प्रियंका की शादी गांव गोहरा आलमगीरपुर निवासी भूपेंद्र के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बुलेट बाइक व सोने की चेन की मांग कर उनकी बहन का उत्पीड़न व मारपीट करने लगे। उनकी बहन के चार वर्षीय पुत्र शिवांश व दो वर्षीय पुत्री सीनू हैं।
20 मार्च को ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग कर उनकी बहन के साथ मारपीट करने की उन्हें सूचना मिली। वह परिजनों के साथ बहन की ससुराल आ रहे थे। इसी शाम करीब सवा सात बजे उनके बहनोई भूपेंद्र का उन्हें फोन आया।
भूपेंद्र ने ज्यादा तबीयत खराब होने से उनकी बहन को मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराने की बात उनसे कही। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें चिकित्सकों ने बताया कि उनकी बहन की मौत हो चुकी है।
सीओ ने बताया कि पुलिस ने सास तारादेवी व ससुर सुरेश को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि पुलिस पति भूपेंद्र को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।