मैदानी इलाकों में कोहरे के चलते ट्रेनों का संचालन बेपटरी हो गया है। कोहरे के चलते रेलवे ने मुरादाबाद से हापुड़ के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को 31 दिसंबर तक रद्द कर दिया है।
इस ट्रेन के रद्द होने से सैकड़ों दैनिक यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। इन दिनों आसपास के इलाकों में कोहरा पड़ना शुरू हो गया है।
इस कोहरे से जहां आमजन परेशान है, वहीं ट्रेनों की चाल भी गड़बड़ा गई है। कोहरे से ट्रेनों के लेट होता देखकर रेलवे ने सावधानी बरतनी शुरू कर दी है।
रेलवे ने कोहरे के कारण लेट चलने वाली ट्रेनों को रद्द करना शुरू कर दिया है। बुधवार से मुरादाबाद से चलकर हापुड़ की ओर जाने वाली 54305/06 पैसेंजर ट्रेन 31 दिसंबर तक रद्द कर दी गई है।
इस ट्रेन के रद्द होने से सबसे ज्यादा परेशानी दैनिक यात्रियों को होगी। क्योंकि यह ट्रेन मुरादाबाद से सुबह करीब सात बजे चलकर नौ बजे हापुड़ आती है। इसमें नौकरी पेशा वाले यात्री सबसे अधिक होते हैं।
ऐसे में सुबह के समय हापुड़ आने वाले यात्रियों को दूसरी ट्रेनों या सड़क मार्ग से सफर करना पड़ेगा। स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण इस ट्रेन को रद्द किया गया है।
इस संबंध में स्टेशन पर नोटिस भी चस्पा कर पूछताछ केंद्र पर लगा दिया गया है। यात्रियों को कोई दिक्कत न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जाएगा।