संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। राजीव विहार में बंदरों के तारों पर झूलने से हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हो गया। 11 केवी के साथ ही 33 केवी की लाइन भी ट्रिप हो गई। इससे दिल्ली रोड बिजलीघर के चार फीडर बंद हो गए। ऐसे में इन फीडरों से जुड़े 32 मोहल्लों की आपूर्ति तीन घंटे तक बंद रही। एक सप्ताह में तीसरी बार इस बिजलीघर से जुड़े उपभोक्ताओं ने संकट झेला है।
दिल्ली रोड बिजलीघर के आठ फीडर हैं, जिनसे आधे शहर में बिजली आपूर्ति दी जाती है। बीते एक सप्ताह से यह बिजलीघर सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। एक सप्ताह के अंदर तीन बार लोगों ने बिजली का संकट झेला है। बुधवार को फिर फाल्ट के कारण 32 मोहल्लों की आपूर्ति प्रभावित हो गई।
सुबह करीब साढ़े 9 बजे फाल्ट हुआ। 20 मिनट के अंदर पता चल गया कि फाल्ट कहां है। बिजलीघर से ट्रांसमिशन के बड़े बिजलीघर में आपूर्ति चालू करने के संबंध में फोन किया गया लेकिन, वहां से पहले लाइन की पेट्रोलिंग करा लेने का जवाब मिला। लाइनमैनों ने पेट्रोलिंग की, इसमें सब कुछ ठीक मिला। फिर भी लाइन नहीं जोड़ी गई। इस प्रक्रिया में करीब तीन घंटे बीत गए।
आर्यनगर, जवाहर गंज, त्रिवेणीगंज, आर्यनगर, नगर पालिका, छज्जुपुरा, राजीव विहार, गोपीपुरा, सराय बसारत अली, रियाजुपुरा, कोठीगेट, खाई, नूरबफान गंज, माता मोहल्ला, कसेरठ बाजार, कोतवाली, तहसील, रफीकनगर, राजीव विहार, त्रिलोकीपुरम, मजीदपुरा, अलीनगर, कोटला मेवतियान, दिल्ली गेट, गद्दा पाड़ा, जगदीशपुरम, पीरबाउद्दीन, किशनपुरा, शंभुपुरा, आलोक, शांति विहार, दशमेशनगर, इंद्रानगर, कैलशन नगर, अशोक कॉलोनी, अलका कॉलोनी, गणेशपुरा, मधुबन कॉलोनी, इंद्रानगर, फ्रीगंज रोड, गंगापुरा, ज्ञानलोक, कचहरी।
हाईटेंशन लाइन में फाल्ट के कारण दिल्ली रोड के फीडर बंद रहे। फाल्ट को दुरुस्त कर प्रभावित मोहल्लों की आपूर्ति चालू करा दी गई है। शिकायतों के तत्काल निस्तारण के आदेश दिए गए हैं। - मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता।