यात्रियों को घायल कर देते हैं बंदर
- फोटो : अमर उजाला
रेलवे स्टेशन पर बंदरों के आतंक से यात्री परेशान हैं। प्लेटफार्म से लेकर फुटओवर ब्रिज तक बंदरों का कब्जा हैं। बंदरों के झुंड प्लेटफार्म पर या फुटओवर ब्रिज पर यात्रियों पर हमला कर खाने पीने की वस्तुएं छीन कर भाग जाते हैं।
इस दौरान कई यात्री घायल भी हो चुके है। वहीं, रेवले के अफसर बंदरों को भगाने के लिए बजट नहीं होने की बात कहते हैं। रेलवे स्टेशन हापुड़ पर इन दिनों प्लेटफार्म, फुटपाथ और ओवरब्रिज पर बंदरों का झुंड बैठा रहता है।
दिन निकलते ही बंदर चारों ओर उधम मचाने लगते हैं। अक्सर स्टेशन पर आने वाले वाले यात्रियों पर बंदर हमला बोल देते हैं। सोमवार को प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार कर रही एक महिला के बैग को बंदर छीन ले गया और उसे फाड़ दिया।
वहीं, बृहस्पतिवार को खुर्जा पैसेंजर से उतर रहीं एक महिला पर बंदरों ने हमला कर दिया था, जिससे वह घायल हो गई थीं। आए दिन बंदरों के उत्पात से यात्रियों को दिक्कत हो रही है।
कई बार लोग रास्ता बदलकर या प्रतीक्षा कर अपने मुकाम तक जाते हैं। बंदरों से रेलवे कालोनी के लोग भी दहशत में हैं। वहीं, रेलवे बंदरों को पकडने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है।
डीआरएम प्रमोद कुमार ने बताया कि बंदरों को पकड़वाने के लिए कोई बजट नहीं होता है। समय-समय पर रेलवे स्टेशन से बंदरों को भगाया जाता है। वन विभाग और नगर पालिका को पत्र भेजकर बंदरों को पकड़ने को कहा जाएगा।