हापुड़। नगर के मोहल्ला श्रीनगर में छत पर टहल रहीं बुजुर्ग महिला ओमवती शर्मा पर बंदरों ने हमला कर दिया। बंदरों ने बुजुर्ग महिला को नीचे गिराकर हाथ और पैरों पर करीब आठ जगह काटकर घायल कर दिया। शोर सुनकर नीचे से दौड़े परिजनों ने बमुश्किल उन्हें बचाया।
श्रीनगर वार्ड नंबर 34 निवासी सौरभ शर्मा ने बताया कि उनकी नानी ओमवती शर्मा को सुबह के समय टहलने की आदत है। रोज की तरह सुबह करीब छह बजे वे छत पर टहलने के लिए गई थीं। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने उनपर हमला कर दिया। बंदर इतने आक्रामक थे कि उन्होंने उनकी दादी को नीचे गिरा लिया और एक के बाद एक कई जगह काट लिया। नानी की चीख सुनकर परिवार के लोग दौड़े और लाठी डंडों से बंदरों को भगाकर उन्हें बचाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल में ले जाया गया। जहां एंटी रेबीज वैक्सीन व प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।