मोहित की बेटी सान्वी की भी हादसे में मौत
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के हरथला सोनकपुर निवासी मोहित पत्नी नीतू, पुत्री सान्वी व कायरा के साथ बी-1/11, गली नंबर-5, राजापुरी, उत्तम नगर, दिल्ली-59 स्थित किराये के मकान में रहते थे। मोहित इलेक्ट्रीशियन थे और सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करते थे। 25 फरवरी को मोहित की बहन रिया की शादी हुई थी। 28 फरवरी को उसके गौने की रस्म पूरी करने के लिए मोहित अपने दोस्त बी-1/11, गली नंबर-5, राजापुरी, उत्तम नगर, दिल्ली-59 निवासी पुष्पम की कार से परिवार के साथ मुरादाबाद आए थे।
बुधवार सुबह वह दिल्ली लौट रहे थे। हाईवे-09 पर सुबह टायर फटने के कारण खराब खड़े आलू से भरे कैंटर में पीछे से कार घुस गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य कैंटर ने भी कार में टक्कर मार दी। बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार में चारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय बच्ची घायल हो गई। पुलिस ने कार की बॉडी को गैस कटर के माध्यम से शवों को बाहर निकाला और घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि कार से शवों को बमुश्किल बाहर निकाला गया। इसके बाद शिनाख्त करने में भी काफी दिक्कत हुई। मामले में मृतक मोहित के पिता प्रेमपाल ने तहरीर दी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घायल बच्ची को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।