हापुड़ से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सिंभावली इलाके में सगाई के दौरान दूल्हे पक्ष ने लड़की वालों से 11 लाख और बाइक की मांग की। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर बरात न लाने की धमकी भी दी। युवती के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना इलाके के एक गांव निवासी युवती की सगाई के दौरान दूल्हे और उसके परिवार के लोगों ने दहेज में लाखों की नकदी और बुलेट बाइक की मांग की। जिसे पूरा न कर पाने पर बरात न लाने की भी धमकी दी। युवती के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
विज्ञापन
पीड़ित ने तहरीर देते हुए बताया कि उसकी बेट का रिश्ता सिंभावली थाना इलाके के ही गांव जमालपुर निवासी युवक से हुआ था। 20 फरवरी को वह परिजनों और रिश्तेदारों के साथ बेटी की सगाई लेकर जमालपुर पहुंचा। जहां सगाई समारोह के दौरान सभी घरेलू सामान समेत एक लाख 51 हजार रुपये की नकदी भी उपहार स्वरूप वर और उसके परिजनों को दी गई।
लेकिन दूल्हे के पिता और जीजा ने दहेज में 11 लाख रुपये और बाइक की मांग करनी शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्रता करते हुए उन्हें वहां से भगा दिया।
विज्ञापन
21 फरवरी को आनी थी बरात
पीडि़त का कहना है कि 21 फरवरी को जमालपुर से बरात आनी थी। लेकिन जब उसके दूल्हे और उसके भाई से फोन पर वार्ता की, तो उन्होंने 11 लाख रुपये और बुलेट न मिलने पर बरात लाने से इंकार कर दिया। जिनका कहना है कि लड़का सरकारी नौकरी में है, जिसके लिए रिश्तों की कमी नहीं है।
युवती के परिवार में पसरा मातम
युवती के परिवार के लोग शादी की तैयारियों में जुटे थे, शादी के लिए घर में रिश्तेदार और मेहमान भी जुट गए। चारों तरफ खुशियों का माहौल बना हुआ था, लेकिन वर पक्ष के लोगों द्वारा बरात लाने से इंकार करने पर खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
रिपोर्ट दर्ज कर की जा रही जांच
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर दूल्हे अर्जुन, उसके पिता देवेंद्र, भाई और जीजा के खिलाफ मारपीट और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सिंभावली पुलिस का मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।