हापुड़। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर जिले में 23 अक्तूबर (शुक्रवार) को शुष्क दिवस (ड्राई-डे) घोषित किया गया है। मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से डीएम कविता मीना ने जिले की सभी शराब की दुकानों को पूरे दिन बंद रखने के आदेश दिए हैं।
डीएम ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के आदेश का हवाला देते हुए दुकानें बंद कराई हैं। आदेश में कहा गया है कि मतदान के दौरान लोक शांति बनाए रखने, स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए अधिकारों का प्रयोग किया गया है। इसके तहत जिले की देसी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर, मॉडल शॉप, रेस्टोरेंट/क्लब बार, सैन्य कैंटीन और फुटकर बिक्री की दुकानों को पूर्णत: बंद रखने का निर्देश दिया गया है।