दुष्यंत अपनी पत्नी तनिष्का के साथ गांव के बाहर मेरठ मार्ग के किनारे मकान बनाकर रहते हैं। मकान में ही दुष्यंत ने बाहर की तरफ परचून की दुकान खोली हुई है। तनिष्का ने बताया कि रविवार की शाम दुष्यंत दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पहुंचे और सिगरेट मांगी। वह युवकों को सिगरेट देने लगा, इसी दौरान एक युवक ने उस पर गोली चला दी। जो उसके चेहरे पर लगी और अंदर ही फंस गई। गोली लगने के बाद वह बेहोश हो गया।
गोली लगने की आवाज सुनकर वह बाहर पहुंची, जब तक बाइक सवार भाग चुके थे। रात के समय दुष्यंत निजी अस्पताल पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने मामूली चोट मान कर उसकी मरहम पट्टी कर दी। लेकिन सुबह चेहरे पर सूजन आने और दर्द होने के बाद परिजनों व ग्रामीणों को बताया।
जिसके बाद उसे नगर में लाकर एक्स-रे कराया गया। एक्सरे में गोली नजर आने के बाद सभी के होश उड़ गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुष्यंत को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि मामला संदेहास्पद है। युवक को उपचार के लिए मेरठ भेज दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।