हापुड़। शहर और देहात क्षेत्र में बिजली आपूर्ति गुल रहने के मामले में एमडी ने जिले के चार अधिकारियों पर कार्रवाई की है। अधिशासी अभियंता हापुड़, एसडीओ द्वितीय, एई मीटर व जेई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, फोन न उठाने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अमर उजाला लगातार जिले में बदहाल विद्युत आपूर्ति के मुद्दे को उठा रहा है। तपती गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से हर दिन लाखोंं उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है। शिकायतों के बाद भी अधिकारी न तो ध्यान दे रहे हैं और न ही उपभोक्ताओं के फोन उठाते हैं। इसके चलते उपभोक्ता और अधिक परेशान होते हैं।
सोमवार को मेरठ में एमडी ईशा दुहन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। यहां तक कि अधिशासी अभियंता हापुड़ प्रथम व विद्युत परीक्षण के अधिशासी अभियंता पंकज कुमार, एसडीओ द्वितीय उमाकांत शर्मा, एई मीटर हिमांशु सचान, उपकेंद्र धीरखेड़ा ग्रामीण के अवर अभियंता सत्यम कुमार के द्वारा ट्रांसफार्मर के अनुरक्षण में लापरवाही बरती गई। जिसके कारण पावर ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। इस पर चारों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी हुए हैं।