गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में आस्था के साथ परंपराओं और ग्रामीण संस्कृति की भी झलक देखने को मिल रही है। गंगा किनारे सदियों से लगने वाले मीना, लाठी और ढोलक के बाजार सज गए हैं। दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुट रही है। हरियाणा, दिल्ली, नोएडा और आसपास के जनपदों से श्रद्धालु मेले में पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं। मेले में गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के साथ लोगों को परिवार के साथ घूमने और खरीदारी करने का अवसर भी मिल रहा है।
बाजार में रंग-बिरंगी चूडियां, सजावटी सामान, बर्तन समेत अन्य सामान, अलग-अलग डिजाइन की लाठियां और ढोलक लोगों को आकर्षित कर रही हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग इन पारंपरिक सामानों की खरीदारी में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। दुकानदार भी अच्छी बिक्री की उम्मीद लगाए बैठे हैं। श्रद्धालु कमल ने बताया कि गंगा मेले में इन बाजारों की अपनी अलग पहचान है। परिवार के साथ मेले में घूमने और जरूरत का सामान खरीदने का आनंद ही अलग है।
वहीं विशाल ने बताया कि यहां हर तरह का सामान एक ही जगह मिल जाता है। बच्चों को भी मेले में घूमने और खरीदारी करने में खूब आनंद आ रहा है। ऋषिपाल सिंह ने बताया कि गंगा मेले में वर्षों पुरानी बाजार की परंपरा आज भी कायम है। हर बार यहां आकर खरीदारी करना अच्छा लगता है। इन बाजारों की रौनक मेले की पहचान और आकर्षण को बढ़ाती है।
गढ़ के कार्तिक पूर्णिमा मेले में गंगा तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, स्नान करते श्रद्धालु। संवाद