देश के अश्वीय मेले में बीमारी समेत चोट लगने से 12 मवेशियों की मौत हो चुकी है, लेकिन पशु चिकित्सा महकमे की लापरवाही से उनके शव मेलाक्षेत्र में पड़े सड़ रहे हैं। जिससे मेले में बीमारी फैलने का डर बना हुआ है।
गढ़ खादर में गंगा किनारे आयोजित हो रहे देश के सबसे बड़े अश्वीय मेले में बीमारी फैलने का खतरा लगातार मंडरा रहा है। क्योंकि करीब 12 मवेशियों की मौत हो चुकी है।
जिनके शव मेला स्थल समेत आसपास के जंगल में पड़े सड़ रहे हैं लेकिन इसके बाद भी पशु चिकित्सा महकमा इन शवों को ठिकाने नहीं लगवा रहा है।
सामाजिक संगठन ब्रूक हॉस्पिटल की प्रतिनिधि प्रेमा पांडेय का कहना है कि मेले के दौरान मरने वाले मवेशियों का मुद्दा लगातार उठाया जाता रहा है। लेकिन इसके बाद भी मरे जानवरों के शव ठिकाने लगाने की कोई व्यवस्था न होने से अन्य मवेशियों में भी बीमारी का संक्रमण फैल सकता है।
पशु चिकित्सा विभाग के मेला प्रभारी डॉ.बीपी सिंह, का कहना है कि इस विषय में कोई भी सूचना नहीं मिल पाई है लेकिन अब जांच पड़ताल कराकर अविलंब कार्रवाई कराई जाएगी।