हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के दोयमी फाटक के पास सोमवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि थाना पुलिस को सोमवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे मुरादाबाद दिल्ली रेलवे लाइन दोयमी फाटक के पास व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने जांच की तो पहचान संबंधी कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। व्यक्ति के दाहिने हाथ पर ओम और हिंदी में प्रदीप नाम लिखा है। सीओ ने बताया कि पुलिस टीम लगातार व्यक्ति की पहचान का प्रयास कर रही है। आसपास के जिलों से लापता हुए लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। संवाद