पुलिस के अनुसार, मूलरूप से नगर के मोहल्ला खारी कुआं निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह अपने छोटे भाई रवि कुमार के साथ दिल्ली रोड स्थित ट्रक यूनियन के बाहर चाय की दुकान करते हैं और वर्तमान में मोहल्ला राजीव विहार में किराये के मकान में रह रहे हैं। सोमवार की रात उनके छोटे भाई रवि उनका व अपना खाना लेने के लिए मुनीम होटल पर गए थे।
लौटते समय दिल्ली रोड स्थित भैरव मंदिर के सामने सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उनके भाई को रौंद दिया। दुर्घटना में उनके भाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
मृतक के बड़े भाई ने बताया कि रवि तीन भाई व दो बहनों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। उनके एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। उनकी मौत पर परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल था। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।