ससुराल जा रहा था मोहसीन
बुलंदशहर जनपद के चांदपुर क्षेत्र के गांव बीबीपुरा निवासी मोहसिन (30) पुत्र महबूब अपने भाई नईम के साथ निजी बस में सवार होकर अपने ससुराल जा रहा था। रास्ते में नेशनल हाईवे किनारे स्थित एक टूरिस्ट ढाबे पर बस रुकी। इसी दौरान मोहसिन बस से उतरकर शौचालय की ओर चला गया। तभी कार में सवार होकर आए चार युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उस पर हमला कर दिया।
पुलिस मान रही पुरानी रंजिश
हमलावरों ने मोहसिन की बेरहमी से पिटाई की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मोहसीन को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल ले जाते हुए उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस पुरानी रंजिश को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।
एक दिन पहले ही खुला है ढाबा
वहीं जिस टूरिस्ट ढाबे पर यह वारदात हुई, उसका एक दिन पहले ही शुभारंभ हुआ था और वहां सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं थे, जिसके कारण आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में पुलिस को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। सीओ राहुल यादव का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।