गढ़मुक्तेश्वर। लठीरा के कच्चे घाट और ब्रजघाट के तट पर कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान आज है। इस पावन मौके पर आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाने के लिए दोनों ही स्थानों लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। चतुर्दशी के पर्व पर बुधवार को भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। जबकि, श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। उनका रेला उमड़ने से मेला स्थल खचाखच भर चुका है।
तंबू, बाजार, मनोरंजन क्षेत्र, सड़क, मुसाफिर खाने सभी जगह श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही है। यही हाल मेले को पहुंचने वाली सड़कों का रहा, जो ट्रैक्टर-ट्रॉली, बसों, निजी चार पहिया व दो पहिया वाहनों की लंबी कतारों के कारण जाम से घिरी हैं। उधर, स्नान घाट भी श्रद्धालुओं की भीड़ से अटे रहे।
कार्तिक पूर्णिमा को लेकर ही ऐतिहासिक मेले का आयोजन होता है। यह इंतजार शुक्रवार यानी आज खत्म हो जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए यह मौका पुण्य कमाने का है। इसी के चलते लाखों श्रद्धालु पिछले कई रोज से तंबुओं में डेरा डालकर इस घड़ी का इंतजार कर रहे थे, तो कुछ मेला स्थल की सड़क किनारे बने शिविरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में डेरा डाले हुए हैं। बृहस्पतिवार को भी पूरे दिन श्रद्धालुओं के जत्थे पहुंचते रहे। स्नान घाट पर पूरे दिन स्नान चलने से मां गंगा के जयकारे गूंजते रहे। दोपहर से लेकर देर रात तक तो रेला ही उमड़ पड़ा। उधर, जनपद भर के थानाध्यक्ष, प्रभारी निरीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी, पुलिस कार्यालय के स्टाफ की मेला स्थल पर ड्यूटी लगा दी गई है।
- अगले 24 घंटे पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण
पुलिस और प्रशासन के लिए अगले 24 घंटे चुनौतीपूर्ण हैं। इससे निपटने के लिए पुलिस सतर्क होने का दावा कर रही है। इतना ही नहीं स्नान घाटों पर विशेष निगरानी के लिए वॉच टावरों पर दूरबीन के साथ महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।