श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
- फोटो : अमर उजाला
माघ पूर्णिमा के अवसर पर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान सहित वेस्ट यूपी के करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। भोर से शुरू हुआ स्नान और दान का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
अर्द्धरात्रि होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा किनारे एकत्र हो गई थी। भोर करीब चार बजे से ही हर-हर गंगे के जयकारों के बीच पतित पावनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाने का क्रम प्रारंभ हो गया, जो शुक्रवार को देर शाम तक निरंतर चलता रहा।
बाहरी प्रांतों के श्रद्धालुओं का आगमन बृहस्पतिवार की देर शाम को ही प्रारंभ हो गया था, जिसके चलते दिन ढलते ही तीर्थनगरी में चौतरफा चहल पहल बढ़ने से बाजारों में पूजा सामग्री खरीदने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। सैकड़ों धर्मशाला, मंदिर और आश्रम परिसरों में श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद रही।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी और ब्रजघाट व गढ़ में स्थित वेदांत मंदिर, अमृत परिसर मंदिर, हनुमान मंदिर, नक्का कुआं, गंगा मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों में अपने ईष्ट देवों की पूजा अर्चना की।