ब्रजघाट। माघ पूर्णिमा पर बुधवार को तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने ब्रजघाट, लठीरा और पुष्पावती पूठ गंगा के कच्चे घाटों पर आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। गंगा स्नान के बाद मंदिरों में पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली की कामना की। वहीं, पुलिस प्रशासन के सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम और एसपी ने निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस की मुस्तैदी से हाईवे जाम मुक्त रहा।
माघ पूर्णिमा पर ब्रजघाट में गंगा स्नान करने के लिए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान के अलावा पश्चिमी उप्र के दूरदराज के जिलों से श्रद्धालुओं का आगमन मंगलवार शाम को ही प्रारंभ हो गया था। बुधवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त शुरू होते ही श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे एकत्र होकर गंगा मैया के जयघोष के साथ डुबकी लगाना शुरू कर दिया। स्नान का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। गंगा स्नान के बाद अधिकतर श्रद्धालुओं ने तट पर बैठे पंडित और तीर्थ पुरोहितों से भगवान सत्यनारायण की कथा सुनकर और हवन कराया। माघी पूर्णिमा पर डीएम प्रेरणा शर्मा, एसपी ज्ञानंजय सिंह, एसडीएम साक्षी शर्मा, सीओ स्तुति सिंह पुलिस बल के साथ गंगा तट पहुंचकर घाट व अन्य स्थानों पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। इसके अलावा नाविकों को भी नाव में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और अधिक किराया वसूलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
गहरे जल में न जाने की देते रहे चेतावनी
गंगा सभा आरती समिति के सदस्य लाउडस्पीकर के माध्यम से भक्तों को गहरे जल में ना जाने की चेतावनी देते रहे। इसके अलावा गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने और सफाई के लिए भी बार-बार आह्वान करते रहे।
हाईवे पर नहीं लगा जाम
श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने पहले ही तैयार शुरू कर दी थीं। राष्ट्रीय राजमार्ग और जाम संभावित स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। पुलिस की मुस्तैदी के कारण हाईवे जाम मुक्त रहा। जिससे राहगीरों और श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं हुई।