शहर में आतंक का पर्याय बन चुके पागल कुत्ते की तलाश में आर्यनगर के लोग रातभर गली-मोहल्लों की खाक छानते रहे लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बृहस्पतिवार अलसुबह ही मोहल्ले के लोग फिर लाठियां लेकर निकले।
इस दौरान लोगों ने जबरन नगर पालिका के सदस्य को भी घर से उठाकर पागल कुत्ते की तलाश कराई। दो दिन के भीतर 24 लोगों को काटकर जख्मी कर चुका है। जवाहर गंज और आर्यनगर के लोग तीन दिनों से पागल कुत्ते के खौफ से दहशत में जी रहे हैं।
यहां रहने वाले 24 लोगों को पागल कुत्ते ने काटकर जख्मी कर दिया है। इसके अलावा पागल कुत्ता शहर के पॉश इलाके रेलवे रोड पर भी दो रात से उत्पात मचा रखा है। गनीमत है कि इस दौरान कुत्ता काटने का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।
जिन 24 मासूम बच्चों, बुजुर्ग और युवाओं को काटकर कुत्ते ने जख्मी किया है उनके चेहरे पर इसका खौफ साफ झलक रहा है। बुधवार रात आर्यनगर के लोगों ने पागल कुत्ते की तलाश में आसपास की गलियों की खाक छानी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
बृहस्पतिवार सुबह फिर मोहल्ले के युवा हाथों में लाठियां लेकर कुत्ते की तलाश में निकले लेकिन घंटों की जद्दोजहद के बाद भी पागल कुत्ता पकड़ में नहीं आया।
आर्यनगर के निवासी मोना, अमित बंटा, गोपाल शर्मा, राजू आदि का कहना था कि उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों से पागल कुत्ते को पकड़ने की मांग की लेकिन जब कोई उचित जवाब नहीं मिला तो उन्हें मजबूरी में पालिक सदस्य को घर से उठाकर पागल कुत्ते की तलाश में सहयोग कराने की बात कही।