हापुड़। धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर उतारने के लिए रविवार से जिले में अभियान शुरू हो गया। शासन के आदेश पर पुलिस, प्रशासन फिर से हरकत में आ गए हैं। पहले भी लोगों ने अपनी स्वेच्छा से लाउडस्पीकर उतार दिए थे, लेकिन फिर से तेज आवाज में इन्हें बजाया जाने लगा है। इसे देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है।
शासन के निर्देश हैं कि सभी धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाए जाएं। कुछ माह पहले यह अभियान चला था, इसके साथ ही निर्देश दिए गए थे सीमित आवाज में लाउडस्पीकर बजाए जाएं लेकिन, आदेशों को दरकिनार करते हुए धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर बज रहे थे। इसे देखते हुए एक बार फिर यह अभियान चलाया गया है। हापुड़ सर्किल में मंदिरों और मस्जिदों से अधिक आवाज के लाउडस्पीकर उतरवाए गए और कम डेसीबल के लाउडस्पीकर बजाने के निर्देश दिए गए। गढ़ सर्किल में नोटिस जारी कर खुद ही लाउडस्पीकर उतारने के लिए निर्देशित किया गया है। सोमवार से यहां अभियान चलाया जाएगा। पिलखुवा में भी अभियान चलाया जाएगा। एएसपी मुकेश चंद मिश्रा ने बताया कि जिले में अभियान शुरू कर दिया गया है। शासन के निर्देश का पालन कराया जा रहा है। संवाद