गढ़मुक्तेश्वर। दिल्ली से माल लेकर वापस घर लौट रहे कार सवार व्यापारी ने बदमाशों पर हथियारों के बल पर करीब 25 लाख रुपये के कपड़े लूटने का आरोप लगाया है। इस दौरान आरोपियों ने विरोध करने पर कार में तोडफोड़ की। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है, लेकिन अभी तक पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
जनपद बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र के नवादा शेखवान निकट इमामबाड़ा निवासी वसीम ने दी गई तहरीर में उल्लेख किया है कि वह शॉल, चादर समेत अन्य कपड़ों का कारोबार करते हैं। 25 अगस्त को वह व्यापारी वाहिद अली, महबूब अली के साथ अपनी कार में लगभग 25 लाख से अधिक का माल भरकर बरेली से दिल्ली बिक्री करने के लिए गए थे। वहां पर बाजार के व्यापारियों से सामान के उचित दाम नहीं मिलने पर वह कार से ही कपड़ों को लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सिंभावली क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर पहुंचे तो पीछे से आए कार सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनकी गाड़ी का शीशा तोड़कर उसमें रखे माल को अपनी गाड़ी में लाद लिया। आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और कार में भी तोड़फोड़ की।
सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि प्रथम दृष्टया जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।