हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आर्यनगर के बाहर दो टप्पेबाज युवक मोहल्ला लोदीपुर निवासी कोमल से टप्पेबाजी कर उसके कानों के कुंडल व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पीड़िता अपनी पड़ोसी महिला के साथ फ्रीगंज रोड स्थित एक बैंक में जा रही थी।
कोमल अपनी पड़ोसी महिला के साथ मोहल्ला भीमनगर के बाहर स्थित एक कैफे पर बच्चों के फार्म भरवाने के लिए आई थीं। फार्म भरवाने के बाद वह दोनों फ्रीगंज रोड स्थित एक बैंक में जा रही थी। गढ़ रोड स्थित मोहल्ला आर्यनगर के बाहर दो युवकों ने उन्हें रोककर अपनी बातों में फंसा लिया। इस दौरान दोनों युवक ने टप्पेबाजी करते हुए महिला को कुछ सुंघा दिया, जिससे महिला सुध में नहीं रही और खुद ही अपने कुंडल उतारकर युवकों को दे दिए। युवक महिला का मोबाइल भी लेकर फरार हो गए। उनके जाने के बाद महिला ने शोर मचाया तो भीड़ एकत्र हो गई। जिनमें से किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला टप्पेबाजी का प्रतीत हो रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की भी जांच कराई जा रही है। पहचान कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। संवाद