बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के कस्बा बाबूगढ़ छावनी स्थित बिजली घर के सामने स्थित सर्विस रोड पर दिनदहाड़े बैंक से रुपये निकालकर कर घर लौट रहे दंपती से बाइक सवार नकाबपोश बदमाश ने 45 हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद बदमाश आसानी से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस लूट से पुलिस महकमे में हडक़ंप मचा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार बदमाश की तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं मिला।
गांव सिमरौली निवासी फूलवती अपने पति ओमप्रकाश के साथ शनिवार की दोपहर कस्बा बाबूगढ़ छावनी स्थित बैंक ऑफ इंडिया से 45 हजार रुपये निकालने गई थी। रुपये निकालकर वह अपने पति के साथ सर्विस रोड से होते हुए घर लौट रही थी। इसी बीच हापुड़ की ओर से आ रहे बाइक सवार एक बदमाश ने उन्हें रोक लिया और धक्का देकर उन्हें गिरा दिया। इस दौरान बदमाश उनसे 45 हजार रुपये से भरा थैला लूट कर फरार हो गया।
दंपती के शोर मचाने पर आसपास के लोग यहां एकत्र हो गए। जिन्होंने लूट की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ वरुण मिश्रा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बैंक के सीसीटीवी कैमरे की भी जांच की। बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाश हापुड़ की ओर से सर्विस रोड पर दंपती से लूट कर गढ़ की तरफ को फरार हुआ है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि लूट का खुलासा करने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही लूट का खुलासा कर दिया जाएगा।