संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। छात्रवृत्ति को लेकर शुक्रवार की शाम को कलक्ट्रेट के सभागार में दशमोत्तर संस्थानों (कक्षा 11-12 से उच्च) की बैठक हुई, इसमें संस्थानों को छात्रवृत्ति का मास्टर डाटा 15 अगस्त तक हर हाल में लॉक करने का निर्देश दिया गया।
डीएम कविता मीना ने कहा कि प्रत्येक संस्थान 15 अगस्त तक छात्रवृत्ति पोर्टल पर मास्टर डाटा संबंधी कार्य पूरा करेंगे। प्रत्येक संस्थान छात्रवृत्ति नियमावली का अनुश्रवण करते हुए छात्र के पात्र होने की दशा में ही छात्र के छात्रवृत्ति आवेदन पत्र को अग्रसारित करेगा।
अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए संस्थान को एनएसपी पोर्टल पर पंजीकरण कराया आवश्यक है। सीडीओ श्रुति शर्मा ने कहा कि जिले में 108 संस्थानों में से केवल 45 संस्थान ने ही कोड संबंधित कार्यवाही की है। साथ ही पात्र छात्र को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाया जाना प्रत्येक संस्थान की जिम्मेदारी है। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी दिग्विजय सिंह आदि मौजूद रहे।