गांव धनौरा स्थित यूके क्रिकेट अकादमी के मैदान पर क्रिकेट मैच खेलते टीम के खिलाड़ी। संवाद
हापुड़। दोयमी-धनौरा बाईपास स्थित यूके क्रिकेट अकादमी के मैदान पर खेले गए 35-35 ओवरों के मैच में एलएन स्पोर्ट्स अकादमी ने बीआर इंटरनेशनल क्रिकेट अकादमी को सात विकेट से मात दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे बीआर क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ियों की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 26.5 ओवर में 171 रन पर सभी खिलाड़ियों ने विकेट गंवा दिए। इसमें कुणाल ने 47 रन और वंश ने 22 रनों का योगदान दिया। एलएन स्पोर्ट्स अकादमी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए रिशु कैन ने तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलएन स्पोर्ट्स अकादमी की टीम ने निर्धारित लक्ष्य 28.5 ओवर में मात्र तीन विकेट खोकर 175 रन बनाकर हासिल कर लिया। इसमें फैजान खान ने 82 व लविश पाल ने 50 रन की पारी खेली। वहीं, आवेश त्यागी 10 रन व आरव गोरयान चार रन बनाकर नाबाद रहे। कोच अनुभव नरवाल ने बताया कि मैच में 82 रनों की पारी खेलने वाले बल्लेबाज फैजान खान को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।