हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने चेकिंग के दौरान स्याना फ्लाईओवर के पास फर्जी नंबर प्लेट लगे कैंटर को पकड़ा। जिसमें हरियाणा से तस्करी करके बिहार ले जाई जा रही 200 पेटी हरियाणा मार्का की अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने बीस लाख रुपये की कीमत की शराब के साथ अंतरराज्यीय तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस शनिवार की देर शाम स्याना फ्लाईओवर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी बीच पुलिस ने एक कैंटर को रोक लिया। इस दौरान कैंटर पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाए जाने पर चालक को दबोच लिया। पुलिस ने कैंटर की जांच के दौरान 200 पेटी हरियाणा मार्का की अवैध शराब बरामद की। कैंटर चालक की पहचान अंतरराज्यीय शराब तस्कर संतोष कुमार पुत्र जयप्रकाश राय निवासी गांव पचनौर थाना बैलसंड जिला सीतामणि बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार शराब तस्कर हरियाणा से शराब लेकर बिहार राज्य में सप्लाई करने जा रहा था। एसपी ने बताया कि बरामद शराब की कीमत करीब बीस लाख बताई जा रही है।