लेफ्टिनेंट कर्नल जयंत सिंह बालियान का फाइल फ़ोटो।
हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के गांव भटैल निवासी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल जयंत सिंह बालियान का बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे कोलकाता के सैनिक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह पिछले तीन माह से ब्रेन हेमरेज की बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से परिजनों में कोहराम मचा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब दो-ढाई बजे उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। इसके बाद गांव स्थित उनके खेतों पर सैनिक सम्मान के साथ नम आंखों से उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनकी अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग मौजूद भी रहे। गांव भटैल निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार अरुण कुमार बालियान ने बताया कि उनके भाई जयंत सिंह बालियान जनवरी 2019 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी ड्यूटी लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर धीमापुर नागालैंड में चल रही थी। तीन माह पहले उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया था और उन्हें कोलकाता के सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर से लिपटकर उनकी मां कृष्णा देवी, पत्नी श्वेता, पुत्र आरुष व पुत्री गोरिका का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। महिलाएं व पुरुष उन्हें सांत्वना दे रहे थे।