सिंभावली। मंगलवार की दोपहर गांव राजपुर के जंगल में ग्रामीणों को तेंदुआ दिखाई दिया। तीन दिन पहले हिम्मतपुर रोड पर तेंदुआ दिखाई दिया था। आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है, लेकिन वन विभाग जानकारी से इन्कार कर रहा है।
किसान वजाहत अली ने बताया कि वे अपने खेत पर जा रहे थे तो रास्ते में हरकेश के खेत में धान की पराली के पास तेंदुआ दिखाई दिया। डर के कारण वे उल्टे पांव भाग निकले। सूचना देने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए, लेकिन इससे पहले ही तेंदुआ गन्ने की फसल में घुसकर लापता हो चुका था। वन रेंजर करणसिंह का कहना है कि इस संबंध में कोई भी सूचना नहीं मिल पाई है, लेकिन टीम भेजकर तेंदुए की खोजबीन की जाएगी। वहीं, पंजों के निशानों के नमूने लेकर जांच के लिए भिजवाए जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चलेगा कि पंजे तेंदुए के हैं या फिर अन्य जानवर के।