सिंभावली। क्षेत्र में नवादा गांव के बाहरी छोर पर नहर पटरी पर शनिवार की रात युवकों को दो तेंदुए दिखाई दिए, जिनका वीडियो बनाकर उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। करीब एक माह से ग्रामीणों के सामने बार-बार तेंदुए आ रहे हैं। लेकिन, वन विभाग की टीम इन्हें नहीं पकड़ पा रही है। इससे ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत बढ़ रही है।
शनिवार की देर रात युवक कार से गांव लौट रहे थे। रेलवे फाटक पार करने के बाद जंगल के रास्ते में नहर पटरी के पास झाड़ियों से दो तेंदुए निकाल कर अचानक रास्ते पर आ गए। जिन्हें देखकर उन्होंने कार रोक ली और मोबाइल से उनका वीडियो बना लिया। युवकों का कहना है कि झाड़ियों से निकलने के कुछ ही देर बाद दोनों तेंदुए पास के खेतों में जा घुसे। इसके बाद वह तेजी से वहां से निकल गए और गांव पहुंचकर जानकारी दी।
ग्रामीणों का कहना है कि एक महीने से तो तेंदुए लगातार दिखाई दे रहे हैं। बार-बार वन विभाग को सूचित भी किया गया। क्षेत्र में पिंजरे भी लगे। लेकिन, तेंदुए पकड़ में नहीं आ रहे। हाल ही में तेंदुआ बाइक सवारों पर झपटा। वहीं, खेतों पर चारा लेने गए किसान के भैंसे पर भी हमला कर घायल कर चुका है।
कोट -
उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं मिली है। तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगा हुआ है। वन विभाग की टीम भी कांबिंग कर रही है। जिस स्थान पर तेंदुए दोबारा दिखने का दावा किया जा रहा है, वहां भी टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।- करन सिंह, वन क्षेत्राधिकारी