गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के गांव अक्खापुर में किसानों ने जंगल में तेंदुआ देखा, जिससे किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
गांव अक्खापुर के मयंक चौधरी ने बताया कि शनिवार की शाम को वह किसी कार्य से गांव से बाहर गया था। वहां से लौटने के दौरान रास्ते किनारे स्थित जंगल में एक तेंदुआ दिखाई दिया। जिसको देख वह तुरंत गांव में पहुंचा और अन्य लोगों को जानकारी दी। जब सभी ग्रामीण एकत्र हुए और जंगल में जाकर देखा तो उसके पंजे के निशान देखने को मिले। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी कई बार गांव के जंगल में तेंदुआ देखा जा चुका है, लेकिन वन विभाग लापरवाही कर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में वन विभाग को सूचना दी गई है, लेकिन फिलहाल कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा है। वनक्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि सूचना पर टीम को तलाश के लिए भेजा गया है, गश्त कराई जा रही है।