हापुड़। अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के मामले में बृहस्पतिवार को भी हापुड़ बार एसोसिएशन के सदस्य हड़ताल पर रहे। अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान भगवा रंग में रंगा सरकार का पुतला लोगों के बीच चर्चा का केंद्र रहा।
29 अगस्त को तहसील चौपला पर प्रदर्शन कर वापस लौट रहे वकीलों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के लिए पिछले 15 दिन से अधिवक्ताओं आंदोलनरत हैं। अधिवक्ताओं की मांग है कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे निरस्त हों और पीड़ित वकीलों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हो। बृहस्पतिवार को अधिवक्ता कचहरी परिसर में एकत्र हुए और प्रदेश सरकार के पुतले के साथ प्रदर्शन किया। अधिवक्ता एकता जिंदाबाद और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गुस्सा जाहिर किया। इसके बाद प्रदेश सरकार के पुतले को आग के हवाले कर दिया। एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र शर्मा ने बताया कि बरेली, लखनऊ व चंदौसी बार एसोसिएशन के सौ से भी अधिक अधिवक्ताओं ने आंदोलन का समर्थन किया।
आज करेंगे पैदल मार्च, दूसरे जिलों के अधिवक्ता होंगे शामिल
एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को अधिवक्ताओं द्वारा शांतिपूर्ण पैदल मार्च किया जाएगा। पैदल मार्च कचहरी से शुरु होगा। जो तहसील चौपला, अतरपुरा चौपला, रेलवे रोड, फ्री गंज रोड होते हुए कचहरी पर समाप्त होगा। उन्होंने बताया कि मार्च में देश की विभिन्न बार एसोसिएशन के एक हजार से भी अधिवक्ता शामिल होने के लिए आ रहे है। जिसको देखते हुए पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है।