गांव हबिसपुर बिगास में एक भाई ने संपत्ति हड़पकर भाई का इलाज नहीं कराया। जिस कारण बीमारी के चलते उसकी मौत हो गई। अब मृतक के दूसरे भाई ने एसपी से मृतक की बेटियों को हक दिलाने की मांग उठाई है।
गांव हबिसपुर बिगास निवासी जनक सिंह ने बताया कि उसका एक भाई इंडियन नेवी में कार्य करता था। किसी कारण से उसकी बीवी दो बेटियों को लेकर मायके रहने लगी। जनक सिंह ने बताया कि नौकरी से सेवानिवृत होने के बाद उसका भाई बैंक में नौकरी करने लगा।
इस दौरान वह अपनी बेटियों के पास आने-जाने लगा। यह बात उसके तीसरे भाई को नागवार गुजरी। कुछ दिन बाद बैंक में कार्यरत उसका भाई बीमार हो गया, जिसपर तीसरा भाई उसे अपने घर ले गया और धोखे से उसकी संपत्ति अपने नाम लिखवा ली। बैंक में भी खुद ही नॉमिनी बन गया।
इलाज के अभाव में कुछ दिन पहले उसके बैंक कर्मी भाई की मौत हो गयी। इस संबंध में बृहस्पतिवार को जनक सिंह ने एसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर अपने तीसरे भाई के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई किए जाने मृतक की बेटियों को उनकी हक दिलाने की गुहार लगाई है।