गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर चौधरी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। महिला का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला हुआ। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को पंखे से उतारकर कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव निवासी प्रशांत कुमार की शादी जून 2021 में मेरठ के गांव नारंगपुर निवासी ऋषिपाल की बेटी सोनी (22 वर्ष) से हुई थी। प्रशांत नोएडा में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब छह माह पूर्व ही सोनी ने एक बेटे को जन्म दिया था। लेकिन काफी दिनों से वह मानसिक तनाव में थी। बृहस्पतिवार की सुबह सोनी के ससुराल पक्ष के लोग घर से बाहर गए थे। दोपहर जब वह घर आए तो देखा कि सोनी का बेटा छत पर बने कमरे में रो रहा था। परिजनों ने सोनी को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद परिजन कमरे के बाहर पहुंचे, तो कमरा अंदर से बंद मिला। परिजन किसी तरह दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे, तो सोनी का शव दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ मिला। जिन्होंने तुरंत ही मामले की जानकारी पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है, तहरीर मिलती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।