गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के गांव शाहपुर चौधरी में सोमवार की रात 22 वर्षीय रानी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। मायके पक्ष के लोगों ने सोमवार को कोतवाली पहुंचकर बेटी की दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनपद बुलंदशहर के गुलावठी क्षेत्र के मोहल्ला भीमनगर निवासी शमशाद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रानी का निकाह करीब एक साल पहले कोतवाली क्षेत्र के गांव शहापुर निवासी युवक से किया था। निकाह के कुछ दिन बाद से ही दामाद और उसके परिवार के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। शमशाद का कहना है कि आरोपियों ने करीब एक महीने पहले भी बेटी को बेरहमी से पीटा था। जिसकी जानकारी मिलने पर वह बेटी को अपने साथ गुलावठी ले गए। दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों की वार्ता में समझौता होने पर रानी ससुराल वापस लौटी। सोमवार की रात दामाद और उसके परिजनों ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। वहीं बेटी की मौत के संबंध में उन्हें जानकारी तक नहीं दी। रानी की मौत के बारे में उन्हें आरोपियों के पड़ोसी ग्रामीणों ने बताया। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है, जिसकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के सही कारण का पता चल सकेगा। मृतका के मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है।