गढ़मुक्तेश्वर। बुधवार को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि गांव निवासी महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। महिला का शव उसके ही मकान के कमरे में पंखे से लटका हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच करते हुए शव को फंदे से उतारा। महिला के परिजनों ने बताया कि उसकी शादी जनवरी माह में हुई थी। मृतका की बड़ी बहन का भी निकाह करीब 10 साल पहले इसी परिवार में हुआ है। मृतका पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में चल रही थी। जिसकी अपने पति से किसी बात को लेकर कहासुनी भी हुई थी। बुधवार की दोपहर खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चली गई। करीब साढ़े तीन बजे परिजन कमरे में पहुंचे, तो महिला का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद मृत्यु का सही कारण पता चल सकेगा। इस संबंध में अभी मृतका के मायके पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।