पिलखुवा। थानांतर्गत क्षेत्र के नया गांव निवासी संगीता (32) की रविवार रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका के भाई ने पति पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है, वहीं ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता के फंदा लगाकर आत्महत्या करनी की बात कह रहे हैं। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मेरठ के थाना किठौर क्षेत्र के गांव फतेहपुर नरायण निवासी संगीता की शादी साल 2009 में नयागांव निवासी युवक के साथ हुई थी। इसी बीच संगीता ने पुत्री कशिश, पुत्र लक्ष्य और कार्तिक को जन्म दिया। ग्रामीणों का कहना है कि रविवार की रात किसी बात को लेकर दंपती में झगड़ा हुआ, जिसकी सूचना पुलिस कंट्रोल पर दी गई थी। पुलिस को आता देख युवक घर से भाग गया। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद उसने घर पहुंचकर महिला के साथ मारपीट की, जिसके कारण महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना पुलिस और मृतका के मायके वालों को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतका के भाई गोपाल ने संगीता के पति पर फंदा लगाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी।
एसएचओ अखिलेश कुमार त्रिपाठी का कहना है कि मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों को पता चलेगा। शव पीएम के लिए भेजा गया है। मृतका के भाई की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।