फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: बैरियर मुक्त होगा कुराना टोल प्लाजा, फास्टैग और हाईस्पीड कैमरों से होगी टोल की स्वचालित वसूली

विज्ञापन
मेरठ बुलंदशहर हाइवे पर स्थित कुराना टोल प्लाजा पर जाते वाहन। संवाद
विज्ञापन
हापुड़। मेरठ-बुलंदशहर हाईवे स्थित कुराना टोल प्लाजा जल्द ही बैरियर मुक्त होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने जिले की सीमा में स्थित तीन टोल प्लाजा में से कुराना टोल प्लाजा को मल्टी लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) व्यवस्था के लिए चिह्नित किया है। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद वाहन चालकों को टोल पर रुककर पर्ची लेने या बैरियर खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वाहन बिना रुके टोल प्लाजा से गुजर सकेंगे। इस व्यवस्था को लागू करने की प्रक्रिया तीन महीने में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
विज्ञापन

दरअसल, एनएचएआई पश्चिमी उत्तर प्रदेश से गुजरने वाले विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों के 11 टोल प्लाजा और हरियाणा सीमा के दो टोल प्लाजा को बैरियर मुक्त करने की तैयारी कर रहा है। नई व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा पर लगे बैरियर हटा दिए जाएंगे। यहां रेडियो फ्रीक्वेंसी तकनीक के माध्यम से वाहनों के फास्टैग और नंबर प्लेट की पहचान की जाएगी। हाईस्पीड एआई कैमरे ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) तकनीक से वाहनों की नंबर प्लेट पढ़ेंगे, जबकि एबीसी/एटीसीसी सेंसर वाहन की ऊंचाई, लंबाई और आकार के आधार पर उसकी श्रेणी यानी कार, बस या ट्रक की पहचान करेंगे। रडार आधारित सेंसर वाहनों की गति भी मापेंगे। इसके बाद वाहन की श्रेणी के अनुसार फास्टैग खाते से टोल की राशि स्वतः कट जाएगी।
टोल प्लाजा पर हाईस्पीड कैमरे और अन्य जरूरी उपकरण लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। आगामी एक सप्ताह में करोड़ों रुपये का यह प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। जिले में छिजारसी और अल्लाबख्शपुर टोल प्लाजा को फिलहाल इस योजना में शामिल नहीं किया गया है। हालांकि, कुराना टोल पर वसूली कार्य में लगे करीब 48 कर्मचारियों के रोजगार पर संकट पैदा हो सकता है। इस टोल प्लाजा से प्रतिदिन करीब 10 हजार वाहन गुजरते हैं।
विज्ञापन

टोल पर जाम से मिलेगी मुक्ति, घटेगा ईंधन खर्च
बैरियर मुक्त व्यवस्था लागू होने से वाहन चालकों को कई फायदे मिलेंगे। टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें नहीं लगेंगी। बार-बार ब्रेक लगाने और वाहन को दोबारा स्टार्ट करने की जरूरत कम होगी। इससे समय के साथ ईंधन की भी बचत होगी और वाहनों से निकलने वाले धुएं में कमी आएगी। खासकर रोजाना हाईवे से गुजरने वाले नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मालवाहक वाहनों को इसका लाभ मिलेगा। हाईवे पर यातायात का प्रवाह भी बेहतर होगा।
टोल नहीं देने पर लगेगा दोगुना शुल्क
नई व्यवस्था में अमान्य फास्टैग या बिना टोल भुगतान किए गुजरने वाले वाहन मालिक को ई-नोटिस भेजा जाएगा। नोटिस मिलने के 72 घंटे के भीतर बकाया टोल जमा करना होगा। निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने पर दोगुना शुल्क वसूला जाएगा। इसके बाद भी भुगतान नहीं करने पर वाहन के फास्टैग, अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी), फिटनेस प्रमाणपत्र और परमिट को ब्लॉक या प्रतिबंधित किया जा सकता है।
कुराना टोल प्लाजा आगामी तीन माह में बैरियर मुक्त हो जाएगा। इससे पहले करोड़ों रुपये की लागत से टोल प्लाजा पर सभी व्यवस्थाओं में बदलाव किया जाएगा। हाईस्पीड कैमरे और अन्य जरूरी उपकरण लगाए जाएंगे। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
विज्ञापन

- वैभव त्रिपाठी, ऑपरेशन मैनेजर, एनएचएआई
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें