गुदरी मेले के एंट्री गेट पर बैनर पर बसपा प्रत्याशी के साथ कोतवाल का फोटो लगा होना चर्चा बना है। इससे नाराज सपाइयों की शिकायत के बाद भी बैनर नहीं हटाया गया है। मीरा रेती मैदान में गुदरी मेला आयोजित हो रहा है। इसके एंट्री गेट पर बसपा के नीले रंग वाला बैनर लगा है।
बैनर पर बसपा प्रत्याशी प्रशांत चौधरी और पूर्व पालिका सदस्य डीपी निषाद के साथ ही कोतवाल समरजीत सिंह का फोटो भी लगा है। लोगों में यह चर्चा बना है। इससे सपाई बुरी तरह खफा हैं। राजू, राकेश, शमशाद, वसीम, जयवीर ने सोमवार को मनोरंजन कर मंत्री मदन चौहान से इसकी शिकायत की।
उन्होंने इस पर नाराजगी जताई, इसके बाद भी बसपा के बैनर पर लगा कोतवाल का फोटो नहीं हटा है। मंत्री मदन चौहान का कहना है कि पुलिस वालों का सियासी पार्टियों के नेताओं के साथ बैनर-पोस्टर पर फोटो लगवाना गलत है। इंस्पेक्टर समरजीत सिंह का कहना है कि मेरा फोटो इजाजत के बिना लगवाया गया है, इसको अविलंब उतरवाया जाएगा।